भाजपा के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन
विजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न)। नगर निकाय चुनाव को लेकर चिड़ावा में भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को नगरीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया गया। कार्यालय का उद्घाटन राजस्थान सरकार के स्वायत शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने किया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मंत्री खर्रा ने कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों से चुनाव को लेकर सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में पार्टी संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह नजर आया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी, राजस्थान ओबीसी आयोग के सदस्य पवन मावंडिया, भाजपा नेता राजेश दहिया, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष शर्मा, सुरेश भूकर सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मंचस्थ रहे। चुनाव प्रभारी होशियार सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम में काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यालय उद्घाटन के साथ ही पार्टी की ओर से निकाय चुनाव को लेकर आगामी रणनीति और जनसंपर्क अभियान को गति देने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने का आह्वान किया।