जम्मू-कश्मीर की हाई सिक्योरिटी जेल से फरार दो आरोपी हत्थे चढ़े
नवरतन प्रजापत
चूरू (नवयत्न)। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सादुलपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जम्मू-कश्मीर की हाई सिक्योरिटी जेल से फरार हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी जम्मू-कश्मीर में पॉक्सो एक्ट के मामलों में जेल में बंद थे और जेल से फरार होने के बाद पुलिस को चकमा देते हुए अलग-अलग स्थानों पर छिपते रहे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अहमद गुर्जर निवासी जम्मू-कश्मीर तथा फरमान निवासी राजगढ़ शामिल हैं। दोनों के खिलाफ जम्मू-कश्मीर में पॉक्सो से जुड़े मामले दर्ज हैं। जेल से फरार होने के बाद आरोपियों ने अपनी पहचान और ठिकाने छिपाते हुए कई स्थानों पर शरण ली तथा पुलिस से बचने के लिए लगातार जगह बदलते रहे। पुलिस जांच में सामने आया कि जेल से फरार होने के बाद दोनों आरोपी कई राज्यों से होते हुए सादुलपुर क्षेत्र तक पहुंचे। आरोपियों ने पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदले। बताया जा रहा है कि फरारी के दौरान रास्ते में लूटपाट की वारदातों को भी अंजाम दिया गया। सादुलपुर पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद उनकी तलाश तेज की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया और आखिरकार दोनों को गिरफ्तार कर लिया। यह पूरी कार्रवाई एएसपी रिछपाल सिंह चारण एवं आईपीएस अभिजीत पाटिल के सुपरविजन में की गई। थाना प्रभारी राजेश कुमार सिहाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में लगातार दबिशें दीं और उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में उनके जेल से फरार होने की पूरी कहानी, फरारी के दौरान किन-किन स्थानों पर रहे, किन लोगों ने उन्हें शरण दी तथा रास्ते में की गई कथित लूटपाट की वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए तीन राज्यों की सीमाएं तक पार कर ली, लेकिन आखिरकार कानून के लंबे हाथों ने उन्हें सादुलपुर में दबोच लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।