योगी आसन में श्रावण मास के समापन पर भव्य जागरण आयोजित
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। कस्बे के देगावास स्थित योगी आसन में श्रावण मास की समाप्ति तिथि पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य जागरण का आयोजन किया गया। जागरण में तारानगर सहित चूरू जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों से नाथ संप्रदाय के साधु-संत एवं श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने भी भजनों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर किया। जागरण को लेकर योगी आसन परिसर में विशेष तैयारियां की गई। प्रांगण में स्थित भगवान शिव के शिवालय को आकर्षक फूलों से सजाया गया। शाम होते ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। रात्रि में आयोजित जागरण के दौरान भगवान शिव एवं गुरु महिमा से जुड़े भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। योगी आसन के महंत गंगानाथ महाराज ने बताया कि श्रावण मास के समापन के अवसर पर हर वर्ष योगी आसन में जागरण का आयोजन किया जाता है। इसमें आसपास के क्षेत्रों के नाथ संप्रदाय के साधु-संतों के साथ स्थानीय श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। कार्यक्रम में चूरू से पहुंचे बाल संत योगी विद्यानाथ महाराज ने भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दी। उन्होंने भोले भंडारी, गुरु की महिमा, जोगण बण जाऊंगी सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं स्थानीय कलाकारों ने भी एक से बढक़र एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। जागरण के दौरान भगवान शिव की आराधना और भक्ति गीतों से पूरा योगी आसन परिसर भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने देर रात तक जागरण में हिस्सा लिया और भगवान शिव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान स्मृतिनाथ महाराज, देवनाथ महाराज, भीमनाथ महाराज सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे नाथ संप्रदाय के साधु-संत एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।