नशा मुक्ति पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नशा मुक्त समाज के निर्माण एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नशा मुक्त राजस्थान संकल्प माह के अंतर्गत बागड़ी महाविद्यालय में जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ हर्षिका कटारिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की प्रवृत्ति केवल व्यक्ति को ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि इससे परिवार और पूरा समाज भी प्रभावित होता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों एवं सकारात्मक सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। इस अवसर पर नई किरण नशा मुक्ति केंद्र प्रभारी सतीराम बिश्नोई ने विद्यार्थियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया। विद्यार्थियों ने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ रणवीरसिंह ने नशे के विभिन्न प्रकार, उनके दुष्प्रभाव, नशे की लत से बचाव तथा नशाग्रस्त व्यक्तियों के पुनर्वास एवं सहयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ रणवीरसिंह ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों के सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

You might also like