आवाजों की नायाब दुनिया से रूबरू हुए विद्यार्थी

निसं
पाटन (नवयत्न)। राजकीय महाविद्यालय पाटन में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना एवं कौशल विकास प्रशिक्षण के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध वॉइस आर्टिस्ट उमेश राव ने अपनी आवाज की कला का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ मदन लाल मीणा के प्रेरणादायक उद्बोधन से हुई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान और कौशल विकास भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक आचार्य रीतु शर्मा ने किया। मुख्य आकर्षण वॉइस आर्टिस्ट उमेश राव रहे। उन्होंने घुंघरू की खनक, विभिन्न जानवरों की आवाजों और प्राकृतिक तूफान की ध्वनियों को अपनी आवाज के जरिए जीवंत कर दिया। इसके अलावा उन्होंने देश के प्रमुख राजनेताओं और प्रसिद्ध अभिनेताओं की आवाजों की हूबहू मिमिक्री प्रस्तुत की। उनकी प्रस्तुतियों पर विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने जमकर तालियां बजाई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक कौशल को बढ़ावा देना तथा वॉइस आर्ट, मिमिक्री और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में रोजगार व करियर की संभावनाओं से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

You might also like