राजकीय जालान अस्पताल में मिनटों में मिलेगा डी-आर सेटअप वाला एक्सरे

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। कस्बे की सेठ सूरजमल जालान राजकीय जिला चिकित्सालय में चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ बनाकर आमजन को हो रही आर्थिक एवं मानसिक परेशानी को दूर करने के लिए नागपुर के भामाशाह अनोज अजीतसरिया द्वारा अपने पूर्वजों जगदीश प्रसाद रतनलाल अजीतसरिया की स्मृति में 15 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है। क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी चम्पालाल उपाध्याय द्वारा जीवन पर्यन्त किये गये सेवाकार्यों को आगे बढ़ाने की दृष्टि से श्री गांधी बाल निकेतन के सचिव राजीव उपाध्याय द्वारा जिले के सरकारी चिकित्सालयों के सुदृढ़ीकरण हेतु चलाई जा रही मेडिकल इक्विपमेंट परियोजना के तहत उपलब्ध हुई इस राशि से जालान चिकित्सालय के एक्सरे विभाग के लिए अत्याधुनिक डी-आर मशीन खरीदी गई है। कल 12 सितम्बर को आयोजित होने वाले इस मशीन के उद्घाटन समारोह के बाद मरीजों को सरकारी हॉस्पिटल में ही अत्याधुनिक मशीन से जारी डी-आर सेटअप वाला डिजिटल एक्सरे मिलने लगेगा। प्रोजेक्ट फाउंडर उपाध्याय ने बताया कि हॉस्पिटल में पहले से स्थापित एक्सरे मशीन के साथ काम आने वाला सी-आर सेटअप काफी आउटडेटेड एवं खराब हो चुका था। जिससे हर महीने होने वाले करीब 3000 एक्सरे के लिए मरीजों को बाहर से एक्सरे करवाना पड़ता। चिकित्सालय प्रशासन के अनुरोध पर भामाशाह के उदार सहयोग से अब चिकित्सालय में एक्सरे की आधुनिकतम तकनीक डी-आर सेटअप की स्थापना से प्रतिमाह हजारों मरीजों को राहत मिलेगी। कुछ ही महीनों में 65 लाख से अधिक की राशि से ऑपरेशन थियेटर सेपरेशन व ब्लड बैंक के नवीनीकरण का कार्य भी करवाया जायेगा जिस पर भामाशाहों से विचार-विमर्श किया जा रहा है।

You might also like