पिठौरी अमावस्या पर महिलाओं ने गौवंश को खिलाया हरा चारा व दलिया
निसं
बुगाला (नवयत्न)। पंडित गणेशनारायण सुरभि गोशाला में अमावस्या के अवसर पर नाहरमुखी मोहल्ले की कृष्णा महिला मण्डल ने गोसेवा करते हुए गोवंश को अपने हाथों से हरा चारा व दलिया खिलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं गोशाला पहुंचीं और सेवा कार्य में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह से हुई। महिलाओं ने दलिया तैयार कर गोवंश को खिलाया। गोशाला परिसर में भजन-कीर्तन भी हुआ। महिलाओं ने गायों को तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि की कामना की। गोशाला प्रबंध समिति के महेंद्र सिंह बुगालिया व कार्यकारिणी सदस्यों ने महिलाओं का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में गोसेवा के प्रति जागरूकता बढ़ती है। समिति सदस्यों ने बताया कि सुरभि गोशाला में बड़ी संख्या में गोवंश की सेवा की जा रही है। समाज के सहयोग से गोसेवा का यह कार्य निरंतर जारी है।