मां सहित तीन बेटियों की हत्या का मामला,फरार पति की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम

निसं
जयपुर (नवयत्न)। करधनी थाना इलाके के गोविंद वाटिका में गीता और उसकी बेटियों नंदिनी, राधिका व गौरी की हत्या के मामले में पुलिस को फरार पति राहुल झा पर शक है। वारदात के बाद शुक्रवार सुबह घर से निकले राहुल का रविवार तक कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। जयपुर पश्चिम डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि करधनी पुलिस ने गोविंद वाटिका और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ रिश्तेदारों, परिचितों, दोस्तों, दुकानदारों और अखबार वितरकों से पूछताछ कर रही है। घर में तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर और गीता का शव पहली मंजिल पर मिला था। मौके से दो सीमेंट ब्लॉक बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सिर व मुंह पर वार कर हत्या किए जाने की आशंका है। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। वारदात के समय राहुल के बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ झा घर में मौजूद थे। उन्होंने कमरों में खून देखकर आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस पहुंची। पुलिस के अनुसार राहुल घर से निकलने से पहले पिता के लिए दूध लाया और उन्हें चाय पिलाई तथा अपना मोबाइल घर पर छोड़ गया। जयपुर पश्चिम डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि राहुल पर हत्या का शक है, लेकिन अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है। गुजरात से आए गीता के पीहर पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार गीता और राहुल की शादी करीब 23 वर्ष पहले हुई थी। गीता की मां केतकी बेन ने बताया कि उन्होंने 10 सितंबर को गीता और नंदिनी से वीडियो कॉल पर बात की थी। अगले दिन चारों के शव मिले। पीहर पक्ष ने निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। वहीं ससुराल पक्ष ने सवाल उठाया है कि यदि राहुल ने हत्या की तो उसके बुजुर्ग पिता को क्यों छोड़ा। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को चारों शवों का अंतिम संस्कार किया गया।

You might also like