अष्टविनायक धाम में गणेश महोत्सव, भजन संध्या में देर रात तक झूमे श्रद्धालु

निसं
मुकुंदगढ़ (नवयत्न)। मुकुंदगढ़-डूंडलोद रोड स्थित अष्टविनायक धाम में गणेश महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूल मालाओं से सजाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर अष्टविनायकों के दर्शन किए और मनोकामनाएं मांगी। पंडित राम शर्मा एवं शम्भू शर्मा के आचार्यत्व में विद्वान पंडितों ने मंत्रोच्चारण के साथ अष्टविनायकों का महाभिषेक कराया। मंदिर ट्रस्टी अन्नू अनिल अग्रवाल ने पूजा-अर्चना की। महोत्सव के दौरान डूंडलोद सहित आसपास के स्कूलों के बच्चों को निशुल्क अभ्यास पुस्तिकाओं का वितरण किया गया। भगवान को भोग लगाने के बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। मेले में बच्चों और श्रद्धालुओं ने झूलों सहित विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया। नवलगढ़ और मुकुंदगढ़ से पहुंचे पदयात्रियों ने मंदिर में निशान अर्पित किए। देर रात तक श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। रविवार रात विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। हीरानाथ शिवधाम आश्रम के महंत जीतनाथ महाराज के सानिध्य में गायक सुरेश शर्मा एवं मंडली ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते रहे। महोत्सव के दौरान प्रशासन की ओर से पुलिस की व्यवस्था सराहनीय रही। स्कूलों के एनसीसी एवं स्काउट-गाइड दल ने भी व्यवस्था में सहयोग किया। इस अवसर पर दीपिका अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, एडवोकेट अश्वनी महर्षि, आहना, आयुषी अग्रवाल, शारदा देवी, मोना अग्रवाल, रामगोपाल अग्रवाल, राजू अग्रवाल, अनिल जसरापुरिया, सुभाष लालपुरिया, उम्मेद खाजपुरिया, सत्यनारायण खेतान, डॉ. केडी यादव, राजेंद्र प्रसाद भोड़कीवाला, प्रदुम्न शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

You might also like