हिंदी दिवस पर कविता, पोस्टर और निबंध प्रतियोगिताएं, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
निसं
गुढ़ा (नवयत्न)। सेठ श्री केदारनाथ मोदी राजकीय महाविद्यालय, गुढ़ा में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता, रुचि और गौरव की भावना विकसित करने के उद्देश्य से कविता पाठ, पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता कराई गई। पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई गई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनिता झाझड़िया ने कहा कि हिंदी राष्ट्र की उन्नति की महत्वपूर्ण कड़ी है। हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति, विचार और भावनाओं को जोड़ने वाली भाषा है। डॉ. सुमन सैनी ने हिंदी भाषा के उद्भव और विकास की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और इसके प्रचार-प्रसार में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंकित शर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ. बंशीलाल, डॉ. कुलदीप ढाका, सुभाष खेदड़, मनीष कुमार, प्रवीण ठेवा, संजय कुमार सहित महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
प्रतियोगिताओं में ये रहे विजेता
कविता पाठ प्रतियोगिता में वीरप्रताप सिंह प्रथम, अभय प्रताप सिंह द्वितीय और कुंदन योगी तृतीय रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में ईशु बड़सीवाल प्रथम, सपना और महिमा द्वितीय तथा सोनू तृतीय रहे। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका डॉ. नरेश कुमार, डॉ. रुचिका और डॉ. ओमेन्द्र ने निभाई। राजेश कुमार ने कहा कि हिंदी को केवल विषय के रूप में नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, अस्मिता और राष्ट्रीय एकता की भाषा के रूप में अपनाना चाहिए।