महाविद्यालय में पोस्टर एवं मिट्टी से गणेश मूर्ति बनाओ कार्यक्रम का आयोजन
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । महात्मा गाँधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गणेश चतुर्थी के अवसर पर विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कला एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गणेश जी की मिट्टी की प्रतिमा एवं पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संयोजक कोमल वर्मा (सहायक आचार्य, चित्रकला) ने बताया कि सर्वप्रथम प्राचार्य डॉ. वीरेन्द्र कुमार यादव, उपप्राचार्य विजेन्द्र कुमार, आईटीआई प्राचार्य महेंद्र यादव एवं श्याम सामोता ने पंडित राकेश शर्मा के सानिध्य में दीप प्रज्ज्वलित कर गणेश वंदना की। इसके बाद भगवान श्री गणेश को गुड़धानी एवं मोदक का भोग लगाकर आरती की गई तथा प्रसाद वितरित किया गया। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने घरों पर तैयार की गई मिट्टी की गणेश प्रतिमाएँ एवं भगवान श्री गणेश के आकर्षक पोस्टर प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आकार एवं डिजाइनों में गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वीरेन्द्र कुमार यादव ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ साथ भारतीय संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के दौरान मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं के निर्माण एवं पर्यावरण अनुकूल गणेश चतुर्थी मनाने का संदेश भी दिया गया। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए सुंदर एवं आकर्षक पोस्टरों तथा गणेश प्रतिमाओं ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता में वरूण बिदावत (बी.ए. सेमेस्टर तृतीय) ने प्रथम, संजना महर्षि (बी.ए. सेमेस्टर तृतीय) ने द्वितीय तथा मनीष कुमार सैनी (बी.कॉम प्रथम सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मूर्ति बनाओ प्रतियोगिता में कोमल सैनी (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) ने प्रथम, याशना टेलर (बी.ए. सेमेस्टर पंचम) ने द्वितीय तथा दीपिका कुमावत (बी.ए. सेमेस्टर प्रथम) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सहायक आचार्य जितेन्द्र सिंह दायमा, अंशिका मिश्रा एवं डिम्पल शर्मा शामिल रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर समस्त महाविद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।