ट्रेन के आगे कूदकर रेलवे ट्रैकमैन ने दी जान

निसं
जयपुर (नवयत्न)। शिवदासपुरा रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार अलसुबह रेलवे कर्मचारी ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान महेश तंवर 45 के रूप में हुई है। वह रेलवे में ट्रैकमैन था और शिवदासपुरा रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे क्वार्टर में रहता था। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट की जानकारी मिली है। इसमें महेश ने पत्नी और बच्चों से परेशान होने तथा पिछले पांच साल से चल रहे विवाद और कोर्ट-कचहरी के चक्कर से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात लिखी है। थानाधिकारी राजेश गौतम ने बताया कि महेश ने एक पेज का सुसाइड नोट लिखा था। उसने इसकी फोटो दोस्तों और परिचितों को वॉट्सऐप की थी। पुलिस के अनुसार यह फोटो घटना से करीब एक घंटे पहले सुबह करीब 4:30 बजे भेजी गई थी। सुबह करीब 5 बजे शिवदासपुरा रेलवे स्टेशन से लगभग 200 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला। सुसाइड नोट में महेश ने लिखा कि वह पत्नी और बच्चों से परेशान था। पत्नी से करीब पांच साल से केस चल रहा था, और वह हर महीने भरण-पोषण राशि भी दे रहा था। उसने पत्नी पर माता-पिता से अलग रहने और तलाक नहीं देने का आरोप लगाया। नोट में पत्नी के मायके पक्ष के कुछ लोगों पर भी परेशान करने और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। महेश ने पुलिसकर्मी राजाराम चौधरी पर भी मामले की जांच में पक्षपात और रिश्वत लेने जैसे आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। महेश ने सुसाइड नोट में अपने माता-पिता को परेशान नहीं करने की बात लिखी। उसने कहा कि वह माता-पिता की सेवा नहीं कर पाने के लिए उनसे माफी मांगता है। उसने अपनी अंतिम क्रिया अपने भतीजों विशाल और सपना से कराने तथा शव को चंदलाई नहीं ले जाने की इच्छा भी जताई। साथ ही रेलवे से मिलने वाली किसी भी सहायता राशि को माता-पिता को देने की बात लिखी। नोट में उसने यह भी बताया कि उसके छोटे भाई और उसकी पत्नी की दुर्घटना में मौत हो चुकी है और माता-पिता का उसके अलावा कोई सहारा नहीं है। थानाधिकारी ने बताया कि शिवदासपुरा थाने में मृतक के खिलाफ दो प्रकरण दर्ज हैं, जिनकी जांच एएसआई राजाराम के पास है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की जीआरपी की ओर से जांच की जाएगी। जीआरपी की ओर से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने सुसाइड नोट और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

You might also like