खेतड़ी में एक ही परिवार के 3 सदस्य बने पार्षद, पति-पत्नी की जोड़ी ने भी दर्ज की जीत

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। नगरपालिका चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद कई रोचक तस्वीरें सामने आई हैं। एक ही परिवार के तीन सदस्य मां, बेटा और पुत्रवधू अलग-अलग वार्डों से चुनाव जीतकर नगरपालिका पहुंचे हैं। वहीं पति-पत्नी ने भी अलग-अलग वार्डों से जीत दर्ज की। निवर्तमान चेयरमैन गीता सैनी ने भी दोबारा पार्षद का चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक पकड़ बरकरार रखी। वार्ड 12 से पूर्व चेयरमैन उमराव सिंह के बेटे पारस वर्मा ने 18 वोट से जीत दर्ज की। वार्ड 13 से उनकी पुत्रवधू किरण बाला ने 37 वोट से चुनाव जीता। वहीं वार्ड 15 से उमराव सिंह की पत्नी पुष्पा ने भी 37 वोट से जीत हासिल की। इस तरह एक ही परिवार के तीन सदस्य अलग-अलग वार्डों से जीतकर नगरपालिका पहुंचे हैं। इसी तरह वार्ड 3 से बुलाराम ने 55 वोट से जीत दर्ज की, जबकि उनकी पत्नी सुमित्रा ने वार्ड 24 से 77 वोट से चुनाव जीता। दोनों के अलग-अलग वार्डों से जीतने के बाद समर्थकों में खुशी का माहौल है।
गीता सैनी की सबसे बड़ी जीत
निवर्तमान चेयरमैन गीता सैनी ने भी दोबारा पार्षद का चुनाव जीत लिया। उन्होंने 178 वोट से जीत दर्ज की। यह खेतड़ी नगरपालिका में इस चुनाव की सबसे बड़ी जीत रही। वहीं वार्ड 17 से राहुल सैनी ने महज 12 वोट से जीत दर्ज की, जो सबसे कम अंतर की जीत रही।
भाजपा के 8, कांग्रेस के 4 और 13 निर्दलीय जीते
खेतड़ी नगरपालिका के चुनाव में भाजपा ने 24 और कांग्रेस ने 20 प्रत्याशी मैदान में उतारे थे। परिणाम में भाजपा के 8 और कांग्रेस के 4 प्रत्याशी ही जीत दर्ज कर सके। वहीं 13 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। कुछ वार्डों में प्रमुख दलों के प्रत्याशियों को बेहद कम वोट मिले। वार्ड 2 में भाजपा प्रत्याशी सीता को 2 वोट, वार्ड 5 में भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र को 4 वोट और वार्ड 12 में भाजपा प्रत्याशी मदनलाल को 4 वोट मिले। वार्ड 23 में कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह को 13 वोट मिले। चुनाव में कुल 53 वोट नोटा के खाते में भी गए।

You might also like