भगवा सेना भारत ने निकाली युवा संकल्प वाहन रैली
निसं
जयपुर (नवयत्न)। राष्ट्र जागरण के उद्देश्य से भगवा सेना भारत की ओर से जमवारामगढ़ तहसील के ग्राम खराना में युवा संकल्प वाहन रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। रैली में 100 से अधिक बाइक, दर्जनों चौपहिया वाहन और बड़ी संख्या में ट्रैक्टर शामिल हुए। रैली खराना मोड़ से रवाना हुई और विभिन्न मार्गों से होते हुए ग्राम खराना पहुंची। यहां स्थानीय ग्रामीणों ने रैली का स्वागत किया। इसके बाद रैली जनसभा में परिवर्तित हो गई। भगवा सेना भारत के प्रदेशाध्यक्ष राजीव कश्यप ने कहा कि सनातनी और हिन्दू समाज के लोगों को जात-पात, ऊंच-नीच, अमीर-गरीब सहित समाज को विभाजित करने वाले भेदभावों को पीछे छोड़कर एकता के सूत्र में बंधकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने एक.दूसरे की मदद करने और सभी के उत्थान का संकल्प लेने का आह्वान किया। कश्यप ने कहा कि राष्ट्र के पुनर्जागरण, पुनर्निर्माण और पुनरुत्थान के लिए युवाओं को नई दिशा देने की आवश्यकता है, और उन्हें आगे लाने के प्रयास किए जाने चाहिए। भगवा सेना भारत के प्रदेश प्रवक्ता, संयोजक एवं पूर्व आईएएस डॉ. श्याम सिंह राजपुरोहित ने भगवा, सेना और भारत शब्दों की शास्त्रीय व्याख्या करते हुए संगठन के कार्यए उद्देश्य और कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन के संकल्पों और गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी। सभा में समाजसेवी ताराचंद अजमेरा, सरपंच प्रतिनिधि छीतर मल कुमावत और रैली के आयोजक रामावतार गुर्जर हार्दिक ने भी विचार रखे। इस कार्यक्रम के दौरान प्रदेशाध्यक्ष राजीव कश्यप ने ग्राम स्थित श्री देवनारायण मंदिर की छत के लिए 1 लाख 11 हजार रुपए देने की घोषणा की। वहीं कार्यक्रम में करीब 200 स्कूली बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक और राष्ट्र जागरण से जुड़े कार्यों के लिए प्रेरित करना रहा।