गोशाला में पदाधिकारियों की बैठक, बोरवेल व उद्घाटन समारोह को लेकर हुई चर्चा
निसं
बुगाला (नवयत्न)। पण्डित गणेश नारायण सुरभि गोशाला में रविवार को गोशाला पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक हुई। अध्यक्षता गोशाला अध्यक्ष हीरानन्द बुगालिया ने की। इस दौरान गोशाला की व्यवस्थाओं, आगामी कार्ययोजनाओं एवं विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह बुगालिया ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने गोशाला की गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी पदाधिकारियों के समक्ष रखी। इसके बाद गोशाला की भूमि में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बोरवेल करवाने को लेकर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने गोशाला की आवश्यकताओं को देखते हुए इस कार्य को महत्वपूर्ण बताया तथा आगे की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया। बैठक में आगामी नवरात्रि महोत्सव के दौरान गोशाला के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने उद्घाटन समारोह की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा तथा व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव दिए। गोशाला में आने वाले श्रद्धालुओं एवं गौसेवकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित अन्य व्यवस्थाओं पर भी विचार किया गया। बैठक के दौरान गोशाला के विकास एवं गौसेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। गोशाला में चारा लाने व कृषि कार्य के लिए एक ट्रैक्टर की महती आवश्यकता पर सभी ने सहमति प्रदान की। पदाधिकारियों ने गोशाला के लिए सहयोग एवं सहभागिता बढ़ाने को लेकर भी विचार साझा किए। इस दौरान भामाशाह शिवनारायण बुगालिया, मनोहर सिंह शेखावत, ठेकेदार शीशराम बुगालिया, नन्दकिशोर स्वामी, हरिराम जांगिड़, कैप्टन महेश बुगालिया, महिपाल कुमावत, महावीर प्रसाद, गौरीशंकर सैनी, महेंद्र केडिया, विजयपाल सिंह शेखावत आदि मौजूद रहे।