सुमन प्रजापत बनी बीदासर पालिका अध्यक्ष

निसं
बीदासर (नवयत्न)। नगर पालिका सभागार में सोमवार को पालिका अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा की सुमन प्रजापत निर्वाचित हुईं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सोना देवी मेहला को चार मतों से पराजित कर पालिका अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। निर्वाचन अधिकारी अम्मीलाल यादव के अनुसार पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की सुमन प्रजापत, कांग्रेस की सोना देवी मेहला तथा भाजपा की बागी प्रत्याशी सरिता सिंघी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। चुनाव में पालिका के सभी 35 पार्षदों ने मतदान किया। मतगणना में भाजपा की सुमन प्रजापत को 19 मत, कांग्रेस की सोना देवी मेहला को 15 मत तथा निर्दलीय प्रत्याशी सरिता सिंघी को एक मत प्राप्त हुआ। पालिका के हाल ही में संपन्न हुए चुनाव में भाजपा के 16, कांग्रेस के 13 तथा छह निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे। किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के कारण पालिका अध्यक्ष का चुनाव महत्वपूर्ण माना जा रहा था। सुमन प्रजापत के निर्वाचित होने की घोषणा के बाद निर्वाचन अधिकारी अम्मीलाल यादव ने उन्हें जीत का प्रमाण-पत्र प्रदान दिया तथा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष सुमन प्रजापत पूर्व पार्षद बाबूलाल करडवाल की पत्नी हैं।
आतिशबाजी और मिठाई बांटकर मनाया जश्न
जीत की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी मनाई। नगर पालिका भवन से नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष सुमन प्रजापत खुली कार में सवार होकर अपने आवास के लिए रवाना हुईं। मुख्य मार्गों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। आवास पहुंचने से पहले ही निर्वतमान पालिका अध्यक्ष सीताराम भोभरिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक स्वागत के लिए मौजूद रहे। आवास के पास पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर तथा मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान पूर्व मंत्री खेमाराम मेघवाल, निर्वतमान प्रधान संतोष मेघवाल, जिला प्रवक्ता अरुण तिवाड़ी, नगर अध्यक्ष राजेश सोनी, मनोज भानेज सालासर, जिला कार्यकारिणी सदस्य भंवरसिंह राठौड़, बाबूलाल गुसाईवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

You might also like