भाजपा के हरिप्रसाद इंदौरिया बने नगरपालिका चेयरमैन

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। नगरपालिका तारानगर के चेयरमैन के लिए सोमवार को हुई वोटिंग में भाजपा के हरिप्रसाद इंदौरिया ने कांग्रेस की वंदना गहलोत को 11 वोटों से हराकर चेयरमैन बने। कुल 35 सीटों पर हुए चेयरमैन के चुनाव में भाजपा के हरिप्रसाद इंदौरिया को 23 वोट मिले वहीं कांग्रेस की वंदना गहलोत को 12 वोट मिले इस प्रकार चुनाव में हरिप्रसाद इंदौरिया को 11 मतों से विजेता घोषित कर दिया गया। रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम प्रियंका कड़ेला ने बताया कि 35 सीटों वाली तारानगर नगरपालिका के चेयरमैन के लिए भाजपा से हरिप्रसाद इंदौरिया व कांग्रेस से वंदना गहलोत ने नामांकन दाखिल किया था। सोमवार सुबह मतदान हुआ जिस में सभी 35 पार्षदों ने भाग लिया। मतदान के बाद मतगणना हुई जिसमें भाजपा के हरिप्रसाद इंदौरिया को 23 वोट मिले वहीं कांग्रेस की वंदना गहलोत को 12 वोट मिले इस प्रकार चुनाव में हरिप्रसाद इंदौरिया को 11 मतों से विजय घोषित कर दिया गया। रिटर्निंग अधिकारी कड़ेला ने नवनिर्वाचित नगरपालिका चेयरमैन हरिप्रसाद इंदौरिया को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस मौके पर तारानगर चुनाव प्रभारी काशीराम गोदारा, भाजपा नेता राकेश जांगिड़, जसवन्त स्वामी, सीबीईओ बबलेश शर्मा, नायब तहसीलदार महेंद्र कुमार, भागचंद किरोड़ीवाल, अशोक जांगिड़ आदि मौजूद थे।
चेयरमैन ने कहा- विकास कार्यों को देंगे प्राथमिकता
नवनिर्वाचित अध्यक्ष इंदौरिया ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सहित सभी शीर्ष नेताओं व उनका सहयोग करने वाले नवनिर्वाचित पार्षदों का आभार जताते हुए कहा कि पद ग्रहण करने के बाद शहर के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के मार्गदर्शन में नगरपालिका क्षेत्र में पानी निकासी, साफ-सफाई, रोशनी सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ विकास कार्यों को गति दी जाएगी। शहर की समस्याओं को लेकर पार्षदों और आमजन को साथ लेकर प्राथमिकता के आधार पर कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। शहर में सबसे प्रमुख व बड़ी समस्या बरसाती पानी निकासी की समस्या है उसको गंभीरता से लेते हुए इसके स्थायी समाधान के प्रयास किए जाएंगे, ताकि बारिश के दौरान जलभराव और गंदे पानी की समस्या से शहरवासियों को राहत मिल सके।
समर्थकों ने आतिशबाजी कर मनाई खुशी
चेयरमैन के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद तारानगर नगरपालिका के आगे भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजपा चेयरमैन प्रत्याशी हरिप्रसाद इंदौरिया की जीत के बाद समर्थकों ने नगरपालिका के बाहर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर व आतिशबाजी कर खुशी मनाई। समर्थकों ने नवनिर्वाचित नगरपालिका चेयरमैन हरिप्रसाद इंदौरिया का स्वागत किया और जीत की बधाई दी। इस मौके पर चेयरमेन के भाई अश्वनी इंदौरिया, श्रीकृष्ण इंदौरिया, विक्की इंदौरिया, राजू भामी, आरिफ तेली, अमित वर्मा, लक्ष्मणसिंह, त्रिलोक रैगर, प्रताप गोस्वामी, मनोहर सैनी, अमित सोनी, विजय खंडेलवाल, जगदीश व्यास, प्रदीप सैनी, भारत वर्मा, भाला सैनी, अमित सांखला, प्रकाश सैनी, रूपा सैनी, पप्पू प्रजापत, विक्की सैनी, नरपत राजपुरोहित, कान्हा चन्गोईवाला, सुभाष शर्मा, योगेश, यश, युवराज, दक्ष सहित अनेक समर्थक मौजूद थे। चेयरमेन के भाई विक्की इंदौरिया ने बताया कि 22 सितंबर मंगलवार को नगरपालिका उपाध्यक्ष चुनाव परिणाम के बाद दोपहर 3 बजे कस्बे में शानदार विजयी जुलूस निकाला जाएगा।

You might also like