भाजपा के सुनील कांग्रेस के अजय को 15 मतों से हराकर बने पालिकाध्यक्ष
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। रतनगढ़ में नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस प्रत्याशी को 15 मतों से हराकर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनाया है। भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा को 30 एवं कांग्रेस प्रत्याशी को 15 मत मिले है। सुबह 10 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया करीब 12 बजे तक चली और उसके बाद मतगणना शुरू हुई। उल्लेखनीय रहे कि भाजपा के 21, कांग्रेस के 16 एवं आठ निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीतकर नगरपालिका पहुंचे थे। भाजपा को पूर्ण बहुमत के लिए 23 मत चाहिए थे, लेकिन भाजपा प्रत्याशी ने 30 मत प्राप्त किए हैं, जिससे यह स्पष्ट हुआ है कि कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षद ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में अपना मतदान किया है। वहीं आठ निर्दलीय प्रत्याशियों में से भाजपा के पक्ष में किस-किस ने मतदान किया हैए यह तो बताना स्पष्ट नहीं है, लेकिन कांग्रेस द्वारा किए गए भीतरघात के चलते भाजपा को 30 मत मिले और सुनील शर्मा के नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष बने है। शर्मा के निर्वाचित होने के बाद निर्वाचन अधिकारी मिथिलेश कुमार ने उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा तथा पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर तहसीलदार अंकित मैमानी, डीवाईएसपी इनसार अलीए सीआई संदीप कुमार आदि उपस्थित थे। वहीं पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि, वरिष्ठ नेता शीवभगवान कम्मा, संतोष तालणिया, अर्जून सिंह फ्रासां, हिम्मत सिंह मालासी, शहर मंडल अध्यक्ष महेश सैनी, प्रवीण शर्मा सहित कई भाजपाईयों ने नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा को जीतने पर बधाई दी।