पवन बोथरा बने नगर पालिका उपाध्यक्ष, 3 वोट से जीत
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। राजलदेसर नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी पवन कुमार बोथरा ने कांग्रेस प्रत्याशी जब्बार खोखर को 3 मतों से हराकर जीत दर्ज की। मतदान के बाद हुई मतगणना में पवन बोथरा को 19 मत मिले, जबकि जब्बार खोखर के खाते में 16 मत आए। रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार प्यारेलाल चावला ने पवन बोथरा के निर्वाचित होने की घोषणा की। परिणाम की घोषणा होते ही नगर पालिका परिसर के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। नगर पालिका अध्यक्ष गोपाल मारू सहित भाजपा के पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर, मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान भारत माता की जय और भाजपा जिंदाबाद के नारों से नगर पालिका परिसर गूंज उठा।
अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के साथ निकाला विजय जुलूस
जीत के बाद नगर पालिका अध्यक्ष गोपाल मारू, नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष पवन बोथरा, भाजपा नगर अध्यक्ष विष्णु प्रजापत सहित भाजपा के पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने कस्बे के प्रमुख मार्गों से विजय जुलूस निकाला। ढोल-नगाड़ों के साथ निकले जुलूस का जगह-जगह कस्बेवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। जुलूस भाजपा के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के निवास स्थानों तक पहुंचा, जहां समर्थकों और स्थानीय लोगों ने विजेताओं का स्वागत किया।
बोले- विकास कार्यों में लगाएंगे चार चांद
नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष पवन बोथरा ने कहा कि राजलदेसर के विकास कार्यों को गति देना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। कस्बे में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के साथ विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पारदर्शिता के साथ काम करने का प्रयास रहेगा। बोथरा ने स्वच्छता को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए कहा कि राजलदेसर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित कस्बा बनाना उनका प्रमुख उद्देश्य रहेगा। उन्होंने नगर की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने तथा नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराने की बात कही। उन्होंने जीत के लिए राजलदेसर के नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं, पार्टी नेताओं और शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि जनता और पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सहयोग से मिलकर काम किया जाएगा। आपको बता दे कि पहले पवन बोथरा ने अध्यक्ष पद हेतु निर्दलीय नामांकन दाखिल किया था उसके बाद वीडियो संदेश के माध्यम से भाजपा को समर्थन दिया था ।