अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताएं आयोजित

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद, जयपुर के निर्देशानुसार पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीमाधोपुर में अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या डॉ मधु चौधरी ने प्रतिभागी विद्यार्थियों के परिचय एवं उत्साहवर्धन के साथ किया। प्रतियोगिताओं में पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीमाधोपुर, महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीमाधोपुर तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीमाधोपुर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर निबंध लेखन, सामान्य ज्ञान, गणित-विज्ञान ओलंपियाड तथा पौधरोपण/पर्यावरण क्विज सहित विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की गई। निबंध लेखन के जूनियर वर्ग में प्रेरणा कुमावत, मन्नत कुमावत एवं कोमल कौर तथा सीनियर वर्ग में कविता सैनी, साक्षी एवं प्रियंका सैनी ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। गणित-विज्ञान ओलंपियाड में पीएम श्री विद्यालय प्रथम, एमजीजीएस द्वितीय तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय तृतीय स्थान पर रहे। प्रधानाचार्या डॉ मधु चौधरी ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करती हैं। प्रतियोगिता में केवल स्थान प्राप्त करना ही सफलता नहीं है, बल्कि पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करना और अपनी क्षमता को पहचानना भी बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ज्ञान, कौशल और संस्कारों का समन्वय ही शिक्षा को सार्थक बनाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए शिक्षकों एवं निर्णायक मंडल के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महेंद्र शेखावत, विजेंद्र गजराज, कैलाश कुमावत, सुखराम मांडिया, कपिल कुमार, सरोज, पूनम देवी, सुशीला जाखड़, प्रेमलता एवं किरण भदाला सहित निर्णायक मंडल एवं विद्यालय स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।

You might also like