बिजली लाइन से टकराया मिनी ट्रक, करंट की चपेट में आए दो बच्चे, एक की मौत
निसं
नोखा (नवयत्न)। नोखागांव में बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक हादसा हो गया। पाबूजी मंदिर के पास मिनी ट्रक के बिजली लाइन से टकराने के बाद वाहन में करंट फैल गया। हादसे में ट्रक के पास से गुजर रहे 14 वर्षीय बच्चे दिनेश पुत्र मांगीलाल की मौत हो गई, जबकि 13 वर्षीय हंसराज पुत्र श्रवण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार घटना 21 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे नोखागांव स्थित पाबूजी मंदिर के पास हुई। नोखागांव निवासी लादूराम जाट ने नोखा थाने में दी शिकायत में बताया कि गांव निवासी ओमगीरी स्वामी ने डीजे साउंड सिस्टम मंगवाया था, जिसे टाटा 710 मिनी ट्रक पर लगाया गया था। शिकायत के अनुसार मिनी ट्रक चालक वाहन को ले जाते समय ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन पर ध्यान नहीं दे सका और ट्रक बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। लाइन के संपर्क में आते ही मिनी ट्रक में करंट फैल गया तथा आसपास का क्षेत्र भी करंट की चपेट में आ गया।
करंट की चपेट में आए दोनों बच्चे
हादसे के दौरान ट्रक के पास से गुजर रहे दिनेश 14 और हंसराज 13 करंट की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों बच्चों को संभाला और उपचार के लिए सरकारी बागड़ी जिला अस्पताल नोखा पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दिनेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि हंसराज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया।
चालक के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी
घटना के संबंध में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मिनी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की कथित लापरवाही की जांच कर रही है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।