भाजपा के ओमप्रकाश इन्दौरिया 9 मतों से बने नगर परिषद के उपसभापति
निसं
चूरू (नवयत्न)। नगर परिषद में उपसभापति पद के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में भाजपा ने शहर के वार्ड 60 से पार्षद ओमप्रकाश इन्दौरिया और कांग्रेस ने वार्ड 42 के पार्षद लीलाधर चुलेट को उपसभापति पद के लिए उम्मीदवार बनाया जहाँ 9 मतों से इंदौरिया ने उपसभापति पद पर जीत दर्ज की चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। उपसभापति पद के लिए हुए मतदान में भाजपा के 34 तथा कांग्रेस के 26 पार्षदों ने मतदान किया। मतगणना में भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश इन्दौरिया को 34 मत, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी लीलाधर चुलेट को 25 मत प्राप्त हुए, कांग्रेस का एक मत निरस्त हो गया।
चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद निर्वाचन अधिकारी श्वेता कोचर एवं एसडीएम धीरज झाझडिय़ा ने नवनिर्वाचित उपसभापति ओमप्रकाश इन्दौरिया को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि नगर परिषद में उपसभापति का चुनाव विकास और जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राठौड़ ने कहा निकाय चुनाव में मिली जीत मोदी जी और भजनलाल सरकार के विकास कार्यों पर जनता की मुहर है राठौड़ ने डोटासरा और पूर्व सीएम अशोक गहलोत के निकाय चुनाव में मिली हार के बाद दिए बयान के जवाब में कहा कांग्रेस हार के बाद यही कहती है। कभी लोकतंत्र की हत्या बताती है तो कभी पर आरोप लगाते है राठौड़ ने कहा खिसयानी बिल्ली खम्भा नोचे उन्होंने नवनिर्वाचित उपसभापति ओमप्रकाश इन्दौरिया को बधाई देते हुए कहा कि परिषद के सभी पार्षदों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर चूरू शहर के विकास के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम शहर की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी। विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि चूरू के विकास के लिए नगर परिषद और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने नवनिर्वाचित उपसभापति ओमप्रकाश इन्दौरिया को बधाई देते हुए कहा कि परिषद की नई टीम शहर की मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, सडक़, नाली एवं अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाए उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है, और चूरू के विकास में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। नवनिर्वाचित सभापति विनय गोयनका ने कहा कि नगर परिषद की पूरी टीम मिलकर चूरू शहर के विकास को नई गति देने के लिए कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना परिषद की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने नवनिर्वाचित उपसभापति ओमप्रकाश इन्दौरिया को बधाई देते हुए कहा कि दोनों मिलकर पार्षदों के सहयोग से शहर के विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। नवनिर्वाचित उपसभापति ओमप्रकाश इन्दौरिया ने चुनाव में समर्थन देने वाले सभी पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में सभी पार्षदों को साथ लेकर चूरू शहर के विकास के लिए कार्य किया जाएगा। शहर की समस्याओं का समाधान, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।