ग्रामीणों ने निकाली भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी, शंखनाद से गूंजा गांव
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी क्षेत्र के गांव सिहोड़गढ़ स्थित ठाकुरजी मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी निकाली गई। इस दौरान शोभायात्रा निकाली, जिसका ग्रामीणों की ओर से जगह-जगह स्वागत किया गया। हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण का कुआं पूजन किया गया। माता यशोदा को पालने में विराजमान कर झांकी को पूरे गांव के मुख्य रास्तों से निकाला गया। झांकी जैसे-जैसे गांव के रास्तों से आगे बढ़ी, बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसके साथ जुड़ते गए। श्रद्धालु पूरे रास्ते शंख बजाते और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। शंखनाद की गूंज से पूरे गांव का माहौल भक्तिमय और आध्यात्मिक हो गया। ग्रामीणों की मान्यता है कि माता यशोदा की झांकी के नीचे से निकलने से सभी का कल्याण होता है और जीवन के कष्ट दूर होते हैं। इसी आस्था के चलते महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में झांकी के नीचे से होकर निकले और भगवान का आशीर्वाद लिया। झांकी गांव के मुख्य रास्तों से होते हुए जोहड़ पहुंची, जहां माता यशोदा की झांकी को जल से आचमन करवाया गया। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं ने कथा सुनी। कथा के बाद विधि-विधान से आरती की गई और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद झांकी को पुन: जोहड़ से ठाकुर जी मंदिर की ओर रवाना किया गया। गांव के मुख्य रास्तों से वापस लौटते समय भी श्रद्धालुओं ने शंख बजाते हुए और जयकारे लगाते हुए झांकी का स्वागत किया। रास्ते में जगह-जगह महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग श्रद्धा के साथ झांकी के नीचे से निकले। कार्यक्रम में मालचंद शर्मा, मनीष शर्मा, कपिल, सिद्धार्थ, मयंक, नवीन और सुरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान गांव का माहौल भक्ति, आस्था और श्रद्धा से सराबोर नजर आया।