गाड़ाखेड़ा मेले में पहलवानों का दमखम
मधु दहिया
बुहाना (नवयत्न)। श्री सुरस्ता धाम गाड़ाखेड़ा में पारंपरिक मेले और कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ। रात को जागरण के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में सुबह मेले की रौनक देखने को मिली, जबकि शाम को हुए कुश्ती दंगल ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। हरियाणा और राजस्थान से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में अपनी ताकत और दांव-पेच का शानदार प्रदर्शन किया। दंगल में 100 रुपये से लेकर 11 हजार रुपये तक की इनामी कुश्तियां करवाई गईं। महिला पहलवानों के मुकाबले भी आयोजित किए गए, जिनमें 100 रुपये से 5100 रुपये तक की इनामी कुश्तियां शामिल रहीं। पहलवान सचिन कालु (अखाड़ा जमालपुर) ने 11 हजार रुपये की कुश्ती जीतकर बाजी मारी। वहीं 5100 रुपये की दो कुश्तियों में योगेश बामनवास और मंजीत विजेता रहे। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे और पहलवानों का उत्साह बढ़ाते रहे। कार्यक्रम में बिल्लू भास्कर, बृजेन्द्र भास्कर, अमीलाल भास्कर, बलबीर पचार, मूलचंद मेघवाल, राजेंद्र भास्कर, रामूराम यादव, नेतराम यादव, अरविंद भास्कर, सुनील भास्कर, विजय ताखर, प्रदीप भास्कर और रवि भास्कर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मेले में महिलाओं ने जमकर खरीदारी की, जबकि बच्चों ने झूलों का खूब आनंद लिया। धार्मिक आस्था और खेल भावना से जुड़े इस आयोजन से पूरा परिसर भक्तों और दर्शकों से गूंज उठा।