गोसेवा को मिला नया सहारा, गौशाला में पहुंचा ट्रैक्टर
निसं
बुगाला (नवयत्न)। पंडित गणेश नारायण सुरभि गौशाला बुगाला में गोसेवा कार्यों को गति देने के लिए नया ट्रैक्टर लाया गया है। गौशाला के कोषाध्यक्ष महेन्द्र बुगालिया ने बताया कि गोवंश के लिए चारा-भूसा ढुलाई, खेतों में कृषि कार्य तथा गौशाला परिसर की साफ-सफाई के लिए लंबे समय से ट्रैक्टर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए ट्रैक्टर के आने से गौशाला में गोसेवा से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी और समय के साथ श्रम व मजदूरी की भी बचत होगी। ट्रैक्टर के पहुंचने पर गौशाला पदाधिकारियों एवं गोभक्तों ने विधिवत पूजन कर गोवंश की सेवा का संकल्प लिया। पंडित रविकांत शास्त्री ने पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इस अवसर पर गोशाला कमेटी के अनेक सदस्य एवं गोभक्त मौजूद रहे।