आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ

निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से क्षेत्र के सभी 112 आंगनबाड़ी केंद्रों पर आज से आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में बिसाऊ में ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा सहयोगिनियों तथा विभागीय लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार खीचड़ रहे। इस अवसर पर प्रताप सिंह सिहाग, नायब तहसीलदार सुदेश महला, बाल विकास परियोजना अधिकारी मंडावा सावित्री कृष्णिया सहित महिला एवं बाल विकास विभाग से उषा कुलहरि, प्रियंका, पुष्पा राठौड़, दीपक, विजेंद्र, अभिषेक टांडी सहित आंगनबाड़ी ममता शर्मा एवं कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा सहयोगिनी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नरेंद्र कुमार खीचड़ ने महिलाओं को शुभकामनाएं दीं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्मिकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं से लेकर बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाने में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के दौरान पोषाहार एवं मोटे अनाज की उपयोगिता के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पोषाहार प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही गोद भराई, अन्नप्राशन एवं प्रवेश उत्सव के महत्व की जानकारी दी गई और इनसे जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा सहयोगिनियों को प्रधानमंत्री का संदेश तथा एक-एक तुलसी का पौधा भेंट किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े विभिन्न विभागीय योजनाओं और पोषण संबंधी गतिविधियों को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। आयोजन के दौरान उपस्थित लाभार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

You might also like