न्यू राजस्थान स्कूल के 5 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में चयन
जयशंकर जांगिड़
झुंझुनू (नवयत्न)। जिला मुख्यालय स्थित न्यू राजस्थान पब्लिक स्कूल के पाँच प्रतिभावान खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। जिला स्तर पर आयोजित हुई विभिन्न खेल स्पर्धाओं में इन खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट कौशल के दम पर यह मुकाम हासिल किया है और विद्यालय सहित पूरे जिले का नाम रोशन किया है। संस्था सचिव इंजी. पीयूष ढूकिया ने बताया कि जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 5 खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और बेजोड़ प्रदर्शन की बदौलत राज्य स्तरीय के लिए अपनी जगह पक्की की। प्रधानाचार्य शुभकरण खीचड़ ने बताया कि राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए युवराज सिंह, साहिल (कुश्ती) अनार देवी राउमावि विराट नगर व ध्रुव, दीपक कुमार, खुशी (ताइक्वांडो) देवकीनन्दन गौड़ स्मृति विद्या मन्दिर संस्थान सीनियर सैकेण्डरी स्कूल ब्यावर में होने वाली 70वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 28 नवंबर से 4 दिसम्बर तक झुन्झुनूं का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर सभी विजेता खिलाड़ियों, अभिभावकगण खेल प्रशिक्षकों (कोच) का सम्मान किया गया। इस अवसर पर संस्था निदेशक इंजी. प्यारेलाल ढूकिया ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, यह हमारे संस्थान के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। इन बच्चों की कड़ी मेहनत, अनुशासित ट्रेनिंग और खेल के प्रति उनके समर्पण ने आज यह परिणाम दिया है। हमें पूरा विश्वास है कि ये खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी अपने जिले और स्कूल का परचम लहराएंगे और नेशनल के लिए चुने जाएंगे। उन्होंने विद्यालय के शारीरिक शिक्षक विजय चौधरी व मोहित महला के योगदान की भी सराहना की, जिन्होंने खिलाड़ियों को तराशने में दिन-रात एक किया। इस दौरान संस्थान के निधि सिहाग, सुधीर शर्मा, मंगलाराम जांगिड़, सुभाष बिलखीवाल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे, जिन्होंने करतल ध्वनि से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य तथा आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्णिम सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।