नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष ने संभाला कार्यभार
नंदलाल गौड़
लोसल (नवयत्न)। नगरपालिका कार्यालय लोसल में शुक्रवार को पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में नगरपालिका की नई सरकार ने नगरपालिका कार्यालय में विधिवत रूप से कार्यभार संभाला। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनिता गठाला, जगदीश दानोदिया, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि इस्माइल नागोरी, बजरंग लाल रणवां, अवधेश शर्मा, बाबूलाल शर्मा पार्षदों सहित लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में माला पहनाकर स्वागत करने का कार्यक्रम चलता रहा। इसके बाद में जिलाध्यक्ष सुनिता गठाला ने कहा कि नगरपालिका अध्यक्ष लक्ष्मण चौधरी, उपाध्यक्ष खुर्शिद दोनों के कंधों पर लोसल की सेवा करने की जिम्मेदारी है। मैं यूं कहूं कि इस दोनों राम लक्ष्मण रहिम की जोड़ी मिलकर जनता की सेवा करेंगे क्योंकि जनता ने इन पर विश्वास किया है इस विश्वास पर खरा उतरने की जिम्मेदारी इनकी है। पदभार ग्रहण समारोह में बी एल रणवां ने कहा कि पिछले दस साल में नगरपालिका में कांग्रेस की सरकार थी और इस बार कांग्रेस ने यहां पर हैट्रिक लगाई है। इस दस साल के कांग्रेस शासन के दौरान यहां पर विकास होने से लोसल की तस्वीर बदल गई है। इससे पहले यहां पर किस तरह रास्तों में पानी भर कर आमजन का रास्ता रोक रहा था आमजन परेशान रहते थे और आज लोसल में विकास बोल रहा है। शहर की गलियों से लेकर बस स्टैंड का भव्य नजारा देखने को मिल रहा है। नगरपालिका अध्यक्ष लक्ष्मण चौधरी ने पदभार ग्रहण समारोह में कहा कि गरीब और अमीर का एक समान समझकर यहां पर काम करूंगा। आपकों पूर्ण रूप से विश्वास दिलाता हूं कि जनता ने मेरे को सेवा करने का अवसर दिया है पूरी तरह से विश्वास पर खरा उतरूंगा।