अलग-अलग मामलों में वांछित तीन आरोपी गिरफ्तार

निसं
नोखा (नवयत्न)। पुलिस थाना पांचू ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया की गिरफ्तार आरोपी थाना क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों में शामिल हैं। आरोपियों पर वाहन से टक्कर मारकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, मोबाइल फोन व वाहन की चाबी छीनने तथा लूटपाट जैसी वारदातों के आरोप हैं। पुलिस के अनुसार 24 अगस्त 2026 को सारूण्डा निवासी चेनाराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पूर्व विवाद की रंजिश के चलते सतूराम, शेराराम सहित अन्य आरोपियों ने कैंपर वाहन से उसकी स्विफ्ट कार को कई बार टक्कर मारी। इसके बाद आरोपियों ने सरियों से कार के शीशे तोड़ दिए और मारपीट की। इस दौरान परिवादी का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। मामले में पुलिस ने सतूराम भादू और शेराराम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर तथा छीना गया मोबाइल बरामद किया है। वहीं 7 अगस्त 2026 को भादला निवासी प्रेम सिंह ने रिपोर्ट दी थी कि उसके दोनों बेटे चंद्रपाल सिंह और भूपेंद्र सिंह वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान शोभाणा के पास कैंपर सवार आरोपियों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोक लिया तथा कथित रूप से हथियार दिखाकर 80 हजार रुपये नकद और वाहन की चाबी छीन ली। इस मामले में पुलिस ने मेघसिंह को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कैंपर वाहन तथा परिवादी के पुत्र से छीनी गई वाहन की चाबी बरामद की गई है। मामले में सतूराम भादू निवासी भादुओं की ढाणियां, सारूण्डा, शेराराम, निवासी भादुओं की ढाणिया, सारूण्डा व मेघसिंह दनिवासी राजपूतों का मोहल्ला, शोभाणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मुदित कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा के निर्देशन तथा नोखा वृत्ताधिकारी के सुपरविजन में थानाधिकारी पांचू ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में संतोषनाथ, रामनिवास, उम्मेद, दिनेशचंद सहित पुलिस टीम के जवान शामिल रहे। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा दोनों मामलों में आगे अनुसंधान जारी है।

You might also like