सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में करीब 52 हजार विद्यार्थियों ने लिया भाग
सुरेन्द्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। लक्ष्मण भैया सेवा समिति, चिड़ावा के सानिध्य में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता परीक्षा-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर से करीब 52 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता से परीक्षा केंद्रों पर उत्साह का माहौल रहा। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के साथ भारतीय संस्कृति, जीवन-मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। समिति सचिव सुनील सीदड़ ने बताया कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी से प्रतियोगिता को व्यापक रूप मिला। परीक्षा के सफल आयोजन में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन और कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, झुंझुनूं के विभाग प्रचारक मुकेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को सामान्य ज्ञान के साथ सनातन भारतीय संस्कृति और भारतीय जीवन-मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में संस्कार, संस्कृति, कर्तव्यबोध और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है। प्रतियोगिता में पंचपरिवर्तन से जुड़े विषयों को भी शामिल किया गया। इनमें सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी आचरण और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता जैसे विषय शामिल रहे। मुकेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को भारतीय परंपरा और संस्कृति से जोड़ते हुए आधुनिक ज्ञान एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाना जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में ज्ञान, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।