बरासिया कॉलेज में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम
कृष्ण कुमार गांधी
सूरजगढ़ (नवयत्न)। आरकेजेके बरासिया पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों और कॉलेज स्टाफ को टीबी रोग के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और उपचार के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही टीबी को लेकर समाज में फैले डर और भेदभाव को दूर कर जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। महाविद्यालय की संयुक्त सचिव जया पाठक ने कहा कि टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करना जरूरी है। इससे टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। प्राचार्य डॉ. रवि शर्मा ने विद्यार्थियों को समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सभी ने टीबी मुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. अनिता और डॉ. मनोज शर्मा की कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता रही। अंत में विद्यार्थियों और स्टाफ ने एकजुट होकर टीबी हारेगा, देश जीतेगा का नारा लगाया।