अखाराम दादाजी महाराज के समाधि दिवस पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। परसनेऊ धाम के संत दादाजी अखाराम महाराज के दो दिवसीय समाधि दिवस कार्यक्रम के तहत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम के तहत गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुए। समाधि दिवस के अवसर पर मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी, जो देर शाम तक जारी रही। हजारों श्रद्धालुओं ने दादाजी महाराज के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर के पुजारी जगदीश, किशन व श्रवण ने बताया कि समाधि दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार रात नौ बजे मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय सहित बाहर से आए कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबो दिया। गुरुवार को समाधि दिवस पंचमी के अवसर पर सुबह सवा 5 बजे दादाजी महाराज का विशेष श्रृंगार, पूजन एवं महाआरती की गई। इसके बाद सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं को दादाजी महाराज की ज्योत के दर्शन करवाए गए। सुबह 9 बजे लापसी महाप्रसाद का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण शुरू किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया। प्रन्यास श्री हनुमान सेवा समिति ट्रस्ट परसनेऊ धाम की ओर से समाधि दिवस को लेकर श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई। मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दादा भक्तों एवं कन्या मंडल के सदस्यों ने प्रसाद वितरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग किया। पुजारी जगदीश व किशन ने बताया कि दादाजी महाराज के समाधि दिवस पर लापसी महाप्रसाद ग्रहण करने को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था है। मान्यता है कि इस प्रसाद को ग्रहण करने से बड़े से बड़े रोग और कष्ट दूर होते हैं। श्रद्धालुओं ने भी अपनी आस्था व्यक्त करते हुए बताया कि दादाजी महाराज की कृपा से उनके कष्ट दूर हुए हैं। समाधि दिवस के दौरान पूरे परसनेऊ धाम में दिनभर दादाजी महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

You might also like