ग्रेवल सड़कों के भुगतान पर रोक लगाने की मांग
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। अखिल भारतीय किसान सभा तहसील राजलदेसर की ओर से नगरपालिका क्षेत्र में पूर्व में बनाई गई ग्रेवल सड़कों की गुणवत्ता जांच पूरी होने तक संबंधित ठेकेदारों के भुगतान पर रोक लगाने की मांग को लेकर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में किसान सभा की ओर से कहा गया कि राजलदेसर नगरपालिका के तहत कटानी रास्तों पर ग्रेवल सड़कें बनाई गई थी। किसान सभा के सदस्यों ने इन सड़कों की गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताते हुए धरना-प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद उपखंड अधिकारी रतनगढ़ की ओर से 22 मई 2026 को आदेश जारी कर सड़कों की गुणवत्ता की जांच के लिए कमेटी गठित की गई थी। अखिल भारतीय किसान सभा के तहसील अध्यक्ष कामरेड भादर भामू ने बताया कि उक्त जांच नगरपालिका राजलदेसर में अभी तक लंबित है। जब तक संबंधित कार्यों की सम्पूर्ण जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक जांच से संबंधित कार्यों का ठेकेदारों को किसी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाए। लंबित जांच के दौरान यदि संबंधित ठेकेदारों को भुगतान किया जाता है तो इसकी जिम्मेदारी नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी की होगी। किसान सभा ने प्रशासन से मांग की कि गठित जांच कमेटी से जल्द जांच पूरी करवाकर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए तथा जांच में गुणवत्ता संबंधी अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित भुगतान रोकने की मांग दोहराई। इस अवसर पर कांग्रेस पार्षद लाभचंद सोनी, विजयपाल कड़वासरा, लालचंद, श्रवण, रामअवतार, रोहित, हरिराम, राजकुमार, नानूराम जाट सहित दर्जनों व्यक्ति मौजूद रहे।