झुंझुनूं में रेल सुविधाओं की मांग को लेकर आज कैंडल मार्च

सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। झुंझुनूं में नई रेल सेवाएं शुरू करने और जिले को रेलवे जंक्शन बनाने की मांग को लेकर शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति की ओर से 2 अक्टूबर को कैंडल मार्च निकाला जाएगा। आयोजन महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि मार्च शाम 6 बजे झुंझुनूं रेलवे स्टेशन की नई बिल्डिंग के सामने से शुरू होगा। समिति का कहना है कि झुंझुनूं से दिल्ली, हरिद्वार, कोलकाता, पटना, मुंबई, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर सिटी और माता वैष्णो देवी कटरा समेत विभिन्न शहरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू की जाएं। साथ ही मौजूदा ट्रेनों के फेरे बढ़ाने और कुछ ट्रेनों का विस्तार करने की मांग भी की जा रही है। समिति ने हिसार-मुंबई दूरंतो एक्सप्रेस का सूरत और बोरीवली में ठहराव शुरू करने की मांग रखी है। इसके अलावा झुंझुनूं से चनाना-खेतड़ी-निजामपुर, बिसाऊ-चूरू, मंड्रेला-पिलानी-सादुलपुर, मंडावा-फतेहपुर-रतनगढ़, उदयपुरवाटी-नवलगढ़, चिड़ावा-सिंघाना-खेतड़ी-डाबला सहित विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने वाली नई रेल लाइनों की मांग की गई है। समिति के अनुसार, इन मांगों को लेकर जन संघर्ष अभियान चलाया जा रहा है। कैंडल मार्च में समिति के पदाधिकारी-कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

You might also like