एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। गणपति नगर स्थित न्यू राजस्थान बालिका पीजी महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों की ओर से राष्ट्रव्यापी श्रमदान अभियान आयोजित किया गया। इसके तहत स्वयंसेविकाओं ने ढूकिया अस्पताल के आसपास की कच्ची बस्ती और मुख्य मार्गों पर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। संस्था निदेशक इंजीनियर प्यारेलाल ढूकिया ने स्वयंसेविकाओं को अभियान के नारे ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथÓ के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई और देखभाल के लिए प्रतिदिन सामूहिक रूप से एक घंटा देना चाहिए। इससे स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। ढूकिया ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई करना शर्म नहीं, बल्कि गर्व की बात है। महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. सुमन जानू ने छात्राओं से अपने घरों की तरह सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का भी ध्यान रखने और दूसरों को जागरूक करने का आह्वान किया। एनएसएस प्रभारी पिंकेंश और अंजू सैनी के निर्देशन में स्वयंसेविकाओं ने श्रमदान किया।