प्रबल प्रतियोगिता में हर्षित व ट्विंकल ने मारी बाजी, अब जिला स्तर पर करेंगे प्रतिनिधित्व

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीमाधोपुर में बुधवार को ब्लॉक स्तरीय प्रबल प्रतियोगिता का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ मधु चौधरी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में अशोक कुमार सैनी, सीबीईओ प्रतिनिधि, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रतियोगिता में ब्लॉक के विभिन्न राजकीय विद्यालयों से एक-एक छात्र एवं छात्रा ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने भाषण, आशुभाषण, पैनल चर्चा एवं नाट्य प्रदर्शन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में एआई, हमारा पर्यावरण, सड़क सुरक्षा एवं रोजगार जैसे समसामयिक विषयों पर विद्यार्थियों ने प्रभावी ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में छात्र वर्ग में हर्षित सैनी तथा छात्रा वर्ग में ट्विंकल सैनी, दोनों प्रतिभागी पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीमाधोपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अब दोनों विद्यार्थी जिला स्तर पर ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे। विजेता प्रतिभागियों को मिल्टन टिफिन, स्कूल बैग एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया व अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रधानाचार्य डॉ मधु चौधरी ने कहा कि प्रबल कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, प्रभावी अभिव्यक्ति एवं विभिन्न कौशलों के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने 21वीं सदी के कौशलों और उनके महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का संचालन प्रबल कार्यक्रम प्रभारी कृष्णा पालीवाल एवं शिशुपाल सिंह बिजारणियां ने किया। निर्णायक दल में डॉ मधु चौधरी, अशोक कुमार सैनी (आरपी), यादवेंद्र भार्गव, विद्यार्थी कोशिका सैनी एवं आर्यन शामिल रहे।

You might also like