रेलवे ट्रैक के पास मिला अज्ञात युवक का शव

कृष्ण कुमार गांधी
सूरजगढ़ (नवयत्न)। भावठड़ी-पिलोद के बीच गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव की शिनाख्त नहीं होने से पुलिस ने उसे सूरजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया है। प्रथम दृष्टया पुलिस युवक की मौत रात के समय ट्रेन से गिरने के कारण होना मान रही है। जानकारी के अनुसार भावठड़ी स्टेशन मास्टर को सीकर-लोहारू रेलवे ट्रैक पर भावठड़ी-पिलोद के बीच पिलर नंबर 53 के पास युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। स्टेशन मास्टर ने इसकी सूचना जीवन ज्योति रक्षा समिति और पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।

पुलिस के अनुसार मृतक के पास ऐसा कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। उसकी जेब से केवल एक चाबी और 10 रुपए का सिक्का मिला। युवक की उम्र और पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया युवक के रात के समय ट्रेन से गिरने की आशंका जताई है। जीवन ज्योति रक्षा समिति की एंबुलेंस से शव को सूरजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया। देर शाम तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थानों में भी युवक की पहचान के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

You might also like