ईडब्ल्यूएस के सरलीकरण पर भाटी की हुंकार
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी गुरुवार शाम को लाडनूं पहुंचे, जहां उन्होंने ईडब्ल्यूएस आरक्षण की विकृतियों में सरलीकरण की मांग को लेकर कमल चौक पर आयोजित विशाल सभा को संबोधित किया। सभा में बड़ी संख्या में युवा जुटे और आरक्षण के मुद्दे को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। लाडनूं पहुंचने पर उमराव शाह दरगाह के पास उमराव खान की टीम की ओर से रविन्द्र सिंह भाटी का साफा एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
इसके बाद भाटी मुख्य बस स्टैंड होते हुए सभा स्थल कमल चौक पहुंचे। यहां रघुवीर सिंह राठौड़ के परिवार की ओर से साफा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए भाटी ने ईडब्ल्यूएस आरक्षण से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने और व्यवस्था के सरलीकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं के इस महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर जिन जनप्रतिनिधियों को जनता चुनकर विधानसभा और संसद में भेजती है, वे इस विषय पर खुलकर बोलने से बचते हैं। युवाओं की आवाज को मजबूती से सदन में उठाने की जरूरत है।
दरगाह पर इंतजार करते रहे शहरकाजी
भाटी के लाडनूं दौरे के दौरान तय यात्रा मार्ग के अनुसार भाटी का काफिला डीडवाना पुलिया से होते हुए टंकी चौराहा, राजकीय चिकित्सालय के सामने से सैयद उमराव शहीद की दरगाह होकर गुजरना था। दरगाह पर लाडनूं चीफ शहरकाजी सैयद मोहम्मद मदनी अशरफी एवं दरगाह के खादिम उनके इस्तकबाल के लिए माला और साफा लिए मौजूद थे। हालांकि भाटी का काफिला दरगाह पर बिना रुके आगे निकल गया। इसके चलते वहां मौजूद लोगों में इस घटनाक्रम को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं सुनने को मिली। बाद में भाटी का काफिला कमल चौक पहुंचा, जहां उन्होंने ईडब्ल्यूएस आरक्षण के सरलीकरण की मांग को लेकर आयोजित सभा को संबोधित किया।