बिरला बालिका विद्यापीठ में खाद्य सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित
निसं
पिलानी (नवयत्न)। बिरला बालिका विद्यापीठ में राजस्थान सरकार की पहल के अंतर्गत छात्राओं को खाद्य सुरक्षा एवं सुरक्षित खानपान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित भोजन के महत्त्व, स्वच्छ खानपान की आदतों तथा खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव के प्रति जागरूक करना था। कार्यशाला में खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र चतुर्वेदी, निक्की चौधरी, विनोद कुमारी एवं नेमी चंद मीणा ने विशेषज्ञों के रूप में सहभागिता की। उन्होंने छात्राओं को खाद्य सुरक्षा के विभिन्न मानकों, भोजन को दूषित होने से बचाने के उपायों, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण तथा भोजन तैयार करने एवं परोसने के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के महत्त्व से अवगत कराया। विशेषज्ञों ने बताया कि सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन अच्छे स्वास्थ्य का आधार है। भोजन की गुणवत्ता के प्रति सजगता, स्वच्छता के नियमों का पालन तथा खानपान की उचित आदतें अपनाकर खाद्य जनित बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को दैनिक जीवन में खाद्य सुरक्षा संबंधी सावधानियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। आवासीय विद्यालय के संदर्भ में भोजन की स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण तथा खानपान संबंधी जागरूकता को विशेष रूप से महत्त्वपूर्ण बताया गया। बिरला एजुकेशन ट्रस्ट के निदेशक मेजर जनरल एस. नायर, एवीएसएम, उपनिदेशक प्रशासन एवं विधि अजय कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़े इस सार्थक प्रयास की पहल के लिए विद्यालय की आयोजन समिति की सराहना करते हुए हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या अचला वर्मा, बिरला शिक्षण संस्थान के लाइजनिंग एग्जीक्यूटिव डॉ मनोज जांगिड़, उपप्राचार्या अंजू डोगरा, मुख्य छात्रावास अधीक्षिका रेणु दुबे, मेस प्रबंधक तथा छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यशाला ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रही, जिसने छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और भोजन की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।