यमुना जल समझौता 1994 लागू करने की मांग, किसान सभा ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

विनोद प्रजापति
बिसाऊ (नवयत्न)। अखिल भारतीय किसान सभा, तहसील कमेटी बिसाऊ की ओर से यमुना जल समझौता 1994 को तत्काल लागू करवाने तथा शेखावाटी के झुंझुनू, सीकर और चूरू जिलों को पेयजल एवं सिंचाई के लिए यमुना का पानी उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर किसान साथियों ने अग्रसेन सर्किल से तहसील मुख्यालय तक रैली निकाली। इसके बाद तहसीलदार बिसाऊ को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। किसान सभा के तहसील महासचिव कॉमरेड संदीप सर्वा ने बताया कि सभा के उपाध्यक्ष बनवारी लाल जांगिड़ के नेतृत्व में निकाली गई रैली के माध्यम से किसानों ने शेखावाटी को यमुना का पानी उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। ज्ञापन में सरकार से यमुना जल समझौता 1994 को तत्काल प्रभाव से लागू करने तथा बिसाऊ तहसील के सभी गांवों को प्रस्तावित नहर एवं जल वितरण योजना में शामिल कर पेयजल और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाने की मांग की गई। किसान सभा ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र लंबे समय से गंभीर जल संकट का सामना कर रहा है। पर्याप्त बारिश नहीं होने और भूजल स्तर में लगातार गिरावट के कारण किसानों, पशुपालकों तथा आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सिंचाई के लिए पानी की कमी खेती और किसानों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर रही है। ऐसे में यमुना का पानी शेखावाटी तक पहुंचाना क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकता है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि नहर निर्माण एवं जल वितरण से संबंधित कार्यों में तेजी लाई जाएए परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की कार्ययोजना बनाई जाए और बिसाऊ तहसील के प्रत्येक गांव तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही झुंझुनू, सीकर और चूरू जिलों की पेयजल एवं सिंचाई समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार ठोस कदम उठाए। किसान सभा ने स्पष्ट किया कि शेखावाटी की जनता को उसके हक का पानी उपलब्ध करवाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। सभा ने चेतावनी दी कि मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान किसान सभा के जिलाध्यक्ष रणधीर सिंह औला, जिला संयुक्त सचिव अरविन्द गढ़वाल, कर्मवीर चाहर, बंटीराम चाहर, मूलचंद झाझड़िया, बजरंग लाल बलारा, नयुम भाटी, अमित महला, भगवान सिंह, सोमवीर, मदन लाल, जयसिंह, संदीप गावड़िया, महेश पूनिया, अशोक शर्मा, दरिया सिंह धायल, आकाश, आर्यन, साहिल सहित अनेक किसान साथी मौजूद रहे।

You might also like