डांडिया महोत्सव में महाकाली ग्रुप प्रथम, भवानी दूसरे स्थान पर
शिवम दिक्षित
झुंझुनूं (नवयत्न)। जाखल के सौंथलिया गेस्ट हाउस में शुक्रवार रात डांडिया महोत्सव आयोजित हुआ। इसमें महिलाओं और युवतियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और विभिन्न ग्रूपों के माध्यम से नृत्य प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में महाकाली ग्रूप ने प्रथम, भवानी ग्रूप ने द्वितीय और शक्ति ग्रूप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगरपालिका अध्यक्ष भगवान सिंह, भामाशाह रमेश कुमार गदैया और सूबेदार शंभूसिंह ने किया। प्रतियोगिता में विजेता ग्रूपों को मेडल, नकद पुरस्कार और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं, सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। महोत्सव के दौरान टास्क गेम और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। टास्क गेम में सुमन सोनी और म्यूजिकल चेयर में ज्योति सोनी विजेता रहीं। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सुमन राठौड़, मीना, सविता गोयल और संगीता सोनी ने निभाई। आयोजन में मीनाक्षी सिंह, तनीषा शर्मा, मनाली राठौड़, निशा माहिच, कोमल, रितु और कविता सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया। इस मौके पर एडवोकेट नरेंद्र सिंह, रामसिंह मूंड, कमलेश मूंड, मोहनलाल खेदड़, प्रतापसिंह मूंड, विमल सिंह, लोकेश सिंह और विनोद कुमावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।