टाउनशिप को साफ रखने के लिए सभी को मिलकर करना होगा प्रयास
विपुल पारीक
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। केसीसी प्रोजेक्ट की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत शुक्रवार शाम प्रशासन भवन के सभा कक्ष में बैठक हुई। इसमें टाउनशिप को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता केसीसी महाप्रबंधक सांद्रण वीके इंद्रा ने की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। टाउनशिप को साफ-सुथरा रखने के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने, पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने और कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की। मुन्नालाल जेदिया ने स्वच्छता अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि इसे सफल बनाने के लिए नियमित सफाई के साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से घर, कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने का आह्वान किया। बैठक में टाउनशिप के प्रमुख स्थानों पर कचरा पात्र रखने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने तथा सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने जैसे सुझाव दिए गए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलने से रोकने और स्वच्छता अभियान में स्थानीय निवासियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में मयूख चटर्जी, भूपेश बंबोरिया, जयंत मुखोपाध्याय, कमलेश कुमार, मोहम्मद उस्मान, विनोद शेखावत और मोनिका सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। डी. महापात्रा, विक्रम सिंह शेखावत, चरण सिंह, हरिचरण, घनश्याम, नीरज मीणा, अंबेश गोविंद, शंकर दत्त तिवाड़ी, राकेश, बाबूलाल सैनी, मनोज लमोरिया, पार्वती और सुधा ने भी स्वच्छता को लेकर अपने विचार रखे।
स्कूली बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता
स्वच्छता अभियान के तहत शनिवार को स्कूली बच्चों के लिए स्वच्छता विषय पर निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।