कॉलेज में श्रमदान कर की सफाई, छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा के तरीके

दिनेश जाखड़
गुढ़ा (नवयत्न)। सेठ श्री केदारनाथ मोदी राजकीय महाविद्यालय, गुढ़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तहत एकदिवसीय शिविर आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने श्रमदान कर कॉलेज परिसर की सफाई की। साथ ही मतदाता जागरूकता और छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देकर सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अनिता झाझड़िया ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का माध्यम है। इससे उनमें सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुमन सैनी ने बताया कि शिविर की थीम ‘हरा-भरा एवं स्वच्छ परिसरÓ रखी गई। इसके तहत स्वयंसेवकों ने खेल मैदान में उगी घास-फूस और झाड़ियों की सफाई की। वहीं, बॉटनिकल गार्डन से घास और खरपतवार हटाकर परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान दिया। शिविर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, मतदाता जागरूकता और महिला सुरक्षा के जरिए विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने दायित्व निभाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर डॉ. सरोज नैनीवाल, डॉ. बंशीलाल, डॉ. जितेंद्र डी. सोनी, डॉ. सुशील कुमार शर्मा, डॉ. विजेंद्र सिंह तंवर, डॉ. कुलदीप ढाका, पंकज महरानिया, प्रवीण ढेवा, मधुसूदन सिंह राठौड़ और संजय कुमार सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी मौजूद रहे।
मतदान और आत्मरक्षा की दी जानकारी
शिविर के दूसरे सत्र में डॉ. नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को मतदाता पहचान पत्र बनवाने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने मतदान के महत्व के बारे में बताते हुए विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने और मताधिकार का जिम्मेदारी से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, महाविद्यालय में संचालित रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर के तहत कांस्टेबल सुनीता और शर्मिला ने छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। इसका उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना रहा।

You might also like