लूणासर के पाबूजी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। कस्बे के निकटवर्ती ग्राम पंचायत लूणासर स्थित पाबूजी महाराज के धाम पर आयोजित 10 दिवसीय नवरात्रि महोत्सव धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन सुबह-शाम माताजी महाराज की ज्योत एवं आरती का आयोजन हुआ, वहीं रात्रि में भजन संध्या के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भक्ति में भाग लिया। मंगलवार को महोत्सव के समापन अवसर पर बालाजी महाराज को महाप्रसाद का भोग लगाया गया। इस दौरान राजस्थान के अलावा पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पाबूजी महाराज के धाम पहुंचे और दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
श्रद्धालुओं ने बताए अपने अनुभव
मंदिर के पुजारी रघुवीर सिंह ने बताया कि धाम पर अनेक श्रद्धालु अपनी परेशानियां लेकर आते हैं। उनके अनुसार श्रद्धालु माता रानी के दर्शन एवं मंदिर की परिक्रमा कर अपनी मनोकामना लेकर अर्जी लगाते हैं और कई लोग यहां से राहत का अनुभव करते हुए लौटते हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में किसी प्रकार के झाड़-फूंक, मंत्र या आर्थिक लेनदेन की व्यवस्था नहीं है। श्रद्धालुओं की आस्था के अनुसार माता रानी के दरबार में अर्जी लगाई जाती है। मंगलवार को धाम पर गंभीर बीमारियों से पीड़ित कई श्रद्धालु भी पहुंचे। इनमें कैंसर, किडनी संबंधी बीमारी, लकवा तथा बोलने में परेशानी से पीड़ित लोगों के परिजन शामिल थे। कुछ श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि चिकित्सकों से उपचार के बाद भी अपेक्षित सुधार नहीं मिलने पर वे धाम पर लगातार आ रहे हैं और उन्हें अपने मरीजों की स्थिति में सुधार महसूस हो रहा है। श्रद्धालुओं ने इसे पाबूजी महाराज एवं माता रानी का आशीर्वाद बताया। एक महिला श्रद्धालु के परिजन ने बताया कि महिला कई दिनों से खाना नहीं खा पा रही थी और बोलने में भी परेशानी थी। धाम पर लाने के बाद उन्होंने महिला की स्थिति में सुधार महसूस होने तथा खाना-पीना शुरू करने की बात कही।
दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु
कमलेश, छगनलाल, अनीता देवी, सरोज, विमला, रुक्मणी, मुकेश, शर्मिला, सरोज, मदन सिंह एवं कुलदीप सिंह फौजी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने बताया कि वे लगातार धाम पर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों की गंभीर बीमारी के चलते वे यहां आस्था के साथ पहुंचते हैं और उन्हें सुधार का अनुभव हो रहा है।
श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सुविधाएं
धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति की ओर से खाने-पीने, ठहरने, मॉर्निंग वॉक, चिकित्सा संबंधी सहायता एवं एंबुलेंस सहित विभिन्न व्यवस्थाएं संचालित होने की जानकारी दी गई। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की सराहना की।
आगामी दिनों में होगा बड़ा धार्मिक आयोजन
पाबूजी धाम के पुजारी रघुवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि आने वाले समय में धाम पर बड़े धार्मिक आयोजन की योजना बनाई जा रही है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं एवं संबंधित लोगों से चर्चा की जाएगी। मंगलवार को हजारों श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज का महाप्रसाद ग्रहण किया तथा माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाकर अपने परिवार, गांव एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।