गिफ्ट पाकर खिल उठे बच्चियों के चेहरे
संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न)। नवरात्रि के नौवें दिन स्त्री शक्ति महिला संस्थान ने सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए कन्या भोज का आयोजन किया। संस्थान की टीम झुग्गी-झोपड़ियों तक पहुंची और वहां रहने वाली बालिकाओं को तिलक लगाकर भोजन कराया। बच्चियों को भोजन के पैकेट और गिफ्ट भी वितरित किए गए। गिफ्ट पाकर बच्चियों के चेहरे खिल उठे और उनकी मुस्कान ने कार्यक्रम को खास बना दिया। संस्थान की इस पहल का उद्देश्य नवरात्रि के पावन अवसर पर जरूरतमंद बालिकाओं के साथ खुशियां बांटना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना रहा। टीम ने बच्चियों के साथ समय बिताया और उन्हें उपहार देकर उत्सव की खुशियों में सहभागी बनाया। स्त्री शक्ति महिला संस्थान की ओर से नवरात्रि के दौरान आयोजित नौ दिवसीय कार्यक्रमों का कन्या भोज के साथ समापन हुआ। संस्थान की सदस्य ललित राठौड़ ने बताया कि इन नौ दिनों में महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और जागरूकता को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रमों के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता सत्र, आत्मरक्षा प्रशिक्षण सत्र और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता सहित कई गतिविधियां हुई। इसके साथ ही एक बच्ची को गोद लेने तथा हेलमेट वितरण जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य भी किए गए। संस्थान ने पूरे नौ दिनों तक सेवा, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कन्या भोज एवं समापन कार्यक्रम में सुमन मील, रविता झाझड़िया, सरोज बड़ाऊ, शशि मरोलिया, सुनीता चौधरी, ज्योति मांजू और सुलक्षणा कंवर मौजूद रहीं। सभी ने बच्चियों के साथ खुशियां बांटते हुए नवरात्रि के समापन को सेवा और संवेदनशीलता के भाव से यादगार बनाया।