दो पुलिस कांस्टेबल दो लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को खैरथल-तिजारा जिले की जिला विशेष टीम (डीएसटी) में तैनात दो पुलिस कांस्टेबलों को 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान कांस्टेबल ब्रजेश और ईश्वर सिंह के रूप में हुई है। दोनों पर मावा बनाने वाले व्यापारी और उसके परिचितों की फर्मों पर कार्रवाई नहीं करने तथा तैयार माल नष्ट नहीं करवाने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी ने रिश्वत की राशि बरामद कर मामले की जांच में जुटी है।
एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी चौकी अलवर प्रथम में शिकायत दी थी कि खैरथल-तिजारा डीएसटी प्रभारी गौरव और उनकी टीम के सदस्य ब्रजेश व ईश्वर सिंह सादे कपड़ों में उसके कारखाने पर आए थे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने कारखाने में लगे कैमरे हटवा दिए और नकली कलाकंद बनाने का आरोप लगाते हुए खाद्य विभाग की टीम को बुलाया। खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
परिवादी के अनुसार इसके बाद कांस्टेबल ब्रजेश ने कारखाने का माल नष्ट करवाने से बचाने और कारखाना सीज नहीं करवाने की एवज में एक-दो दिन में एक लाख रुपए देने की मांग की। वहीं, कांस्टेबल ईश्वर सिंह ने परिवादी के परिचित अन्य व्यापारियों से भी 50-50 हजार रुपए लेकर डीएसटी कार्यालय आने को कहा। ऐसा नहीं करने पर उनके कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने की धमकी देने का आरोप है।
एसीबी ने 21 अक्टूबर को शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान दोनों कांस्टेबलों की ओर से परिवादी और सहपरिवादियों की फर्मों पर छापा नहीं डालने तथा तैयार माल नष्ट नहीं करवाने की एवज में कुल 2 लाख 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाकर शुक्रवार को परिवादी से 2 लाख रुपए लेते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

You might also like