छह दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आरंभ
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। मांगीलाल बागड़ी राजकीय महाविद्यालय, नोखा के प्राचार्य डॉ रणवीर सिंह ने बताया कि महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजस्थान सरकार की बजट घोषणा 2026-27 के अंतर्गत मांगीलाल बागड़ी राजकीय महाविद्यालय, नोखा एवं राजकीय कन्या महाविद्यालय, नोखा के संयुक्त सहयोग से रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण केन्द्र के अंतर्गत एक विशेष छह दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। इस शिविर का प्राथमिक उद्देश्य छात्राओं के भीतर आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना और उनमें स्वाभिमान एवं साहस की भावना को सुदृढ़ करना था। रानी लक्ष्मीबाई केंद्र प्रभारी डॉ दीपा भाटी व राजकीय कन्या महाविद्यालय, नोखा के रानी लक्ष्मीबाई केंद्र प्रभारी सुभाष बिश्नोई की देखरेख में प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विख्यात प्रशिक्षक आनंद ने शिविर के पहले दिन की विशेषता यह रही कि दोनों प्रशिक्षण सत्रों में प्रशिक्षक अरुण चाँवरिया ने बुनियादी बचाव तकनीकों से लेकर उन्नत प्रहार विधियों तक का विस्तृत अभ्यास कराया। उन्होंने सिखाया कि किस प्रकार विपरीत परिस्थितियों में उपलब्ध संसाधनों और शारीरिक कौशल का उपयोग कर स्वयं की रक्षा की जा सकती है। प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताया और कहा कि ऐसे आयोजनों से उनमें भय मुक्त होकर समाज में विचरण करने का आत्मविश्वास जागा है।