सूने मकान में घुसे चोर, चोरी में रहे विफल

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। शहर के वार्ड संख्या 27 में सोमवार रात्रि को बंद मकान में घुसे चोरों का प्रयास पड़ोस में रहने वाली महिला पार्षद की सतर्कता के चलते विफल हो गया। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 27 स्थित मोहनलाल सैनी का परिवार झारखंड में रहता है, जिसके चलते उनका मकान बंद पड़ा था। सोमवार रात करीब 2:10 बजे तीन अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से मकान में घुसे। दो बदमाश मुख्य दरवाजे से अंदर घुसकर कमरों के तालों को तोड़ने लगे, जबकि उनका एक साथी बाहर बाइक पर रैकी कर रहा था। ताला तोड़ते समय हुई आवाज सुनकर ठीक सामने रहने वाली वार्ड संख्या 30 की पार्षद कृष्णा गुर्जर जाग गई। उन्होंने बाहर संदिग्ध हलचल देखी और तुरंत शोर मचा दिया। शोर सुनते ही मकान के अंदर घुसे चोर दीवार फांदकर बाहर आए और अपने बाइक सवार साथी के साथ मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

You might also like