मंडी में दो घंटे चला किसानों का धरना, बोली शुरू होने पर शांत हुआ विवाद
निसं
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। कृषि उपज मंडी में गुरुवार को कृषि जिंसों की बोली नहीं लगने पर किसानों की नाराजगी के चलते किसानों ने मंडी तालाबंदी कर मंडी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद व्यापारियों ने मौसम साफ होने पर कृषि जिंसों की बोली शुरू कर दी, जिसके बाद विवाद शांत हुआ और किसानों ने राहत की सांस ली।
बोली नहीं लगने पर भड़के किसान, रोड जाम की दी थी चेतावनी
मंडी में अपनी कृषि उपज लेकर पहुंचे किसानों की जिंसों की बोली नहीं लगने से विवाद शुरू हुआ। किसानों ने मंडी में तालाबंदी कर विरोध जताया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित किसानों ने आधे घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी थी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वे सड़क जाम कर उग्र आंदोलन करेंगे।
व्यापारियों ने मौसम खराब होने का दिया हवाला
मंडी क व्यापार संघ अध्यक्ष पवन चौधरी तथा मंत्री प्रकाश जैन ने बताया कि किसानों को परेशान करने का उनका कोई उद्देश्य नहीं है। मौसम खराब होने की आशंका के चलते मंडी की दुकानों के बाहर पहले से काफी कृषि जिंस जमा थी। व्यापारियों के अनुसार, पहले से रखे माल को उठाने और किसानों की उपज को खराब होने से बचाने के लिए बोली स्थगित की गई थी। मौसम साफ होने पर बोली शुरू करने का आश्वासन दिया गया था। करीब दो घंटे बाद बोली शुरू होने के साथ ही विवाद शांत हो गया।
पंचायत चुनाव के चलते 30 अक्टूबर को मंडी में रहेगा अवकाश
कृषि उपज मंडी व्यापार संघ ने पंचायत चुनाव को देखते हुए शुक्रवार को मंडी परिसर में एक दिन का अवकाश रखने का निर्णय लिया है। व्यापार संघ की सूचना के अनुसार, पल्लेदार संघ ने बताया कि ग्रामीण सरकार के चुनाव में भाग लेने के कारण अधिकांश मजदूर मंडी में कार्य पर नहीं आएंगे। ऐसे में मजदूरों की कमी से व्यापारियों और किसानों को परेशानी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मंडी परिसर में एक दिन का अवकाश रखने का निर्णय लिया गया है। व्यापार संघ ने सभी व्यापारियों से अपने-अपने काश्तकारों को सूचना देने और शुक्रवार को कृषि उपज लेकर मंडी नहीं आने का आग्रह करने को कहा है, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।