बिजली विभाग की लापरवाही से हादसे का खतरा

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। शहर में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में बिजली से जुड़े असुरक्षित हालात नागरिकों के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। जावा बास भट्टा कॉलोनी एवं मुख्य बाजार स्थित दूगड़ प्लाजा के पास बिजली के तार और विद्युत मीटर जमीन से मात्र एक-दो फीट की ऊंचाई पर लटक रहे हैं।

निर्धारित ऊंचाई पर मीटर नहीं लगाए जाने से यहां कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय नागरिक जाकिर खान एवं बाबूलाल माली ने बताया कि यहां से दिनभर बड़ी संख्या में लोगों का आना जाना रहता है। इस समस्या से निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बाजार और आबादी क्षेत्र में इस तरह बिजली के तारों एवं टूटे मीटरों का नीचे लटकना राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों के लिए खतरे का कारण बना हुआ है।

तीन दिन से जर्जर विद्युत पोल, हादसे का इंतजार
इधर तेली रोड की गली नंबर 27 स्थित रैगर बस्ती में भी विद्युत विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी सामने आई है। यहां तीन दिन पूर्व किसी अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से विद्युत पोल जर्जर हो गया था। घटना के बाद पार्षद मुकेश खींची ने निगम के अधिकारियों को इसकी सूचना भी दी, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बावजूद पोल को दुरुस्त नहीं किया गया है। जर्जर हालत में खड़ा यह विद्युत पोल तेज हवा या अन्य किसी कारण से गिरकर बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

इसके बावजूद विभाग की ओर से अब तक आवश्यक कार्रवाई नहीं होना स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। स्थानीय नागरिकों द्वारा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से क्षेत्र में नीचे लटक रहे बिजली के तारों एवं विद्युत मीटरों को निर्धारित ऊंचाई पर सुरक्षित तरीके से लगवाया जाने की मांग की है।

You might also like